GSVM मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग का शोध प्रोजेक्ट ICMR ने चुना, मिलेगी वित्तीय सहायता

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के शोध प्रोजेक्ट का चयन भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने किया है। परिषद इस प्रोजेक्ट के लिए एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।
यह शोध कार्य मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. सौरभ अग्रवाल के निर्देशन में रेजीडेंट डॉ. हिमांशु मौर्या द्वारा किया जाएगा। अध्ययन के अंतर्गत ओपीडी में आने वाले 300 सीओपीडी (दमा) रोगियों पर शोध किया जाएगा।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस अध्ययन में सीओपीडी रोगियों में सारकोपीनिया (Sarcopenia) की दर का मूल्यांकन किया जाएगा। सीओपीडी से पीड़ित मरीजों में धीरे-धीरे मांसपेशियों की ताकत कम हो जाती है और वे सिकुड़ने लगती हैं, जिसे सारकोपीनिया कहा जाता है। यह स्थिति मृत्यु दर को बढ़ा सकती है।
इस शोध को मेडिकल कॉलेज की इथिक्स कमेटी से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने कहा कि आईसीएमआर द्वारा इस प्रोजेक्ट का चयन जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के लिए गौरव का विषय है और इससे चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान की साख और मजबूत होगी।



