NEWSUttar Pradesh

कन्नौज में आलू की गिरती कीमतों और खाद की कालाबाज़ारी के खिलाफ समाजवादियों का जोरदार प्रदर्शन

  • ऋषभ कुमार

कन्नौज। आलू की कम कीमतों और खाद की कालाबाज़ारी को लेकर किसानों की समस्याओं पर आवाज़ बुलंद करते हुए समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को कन्नौज में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने की। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष कलीम खान और समाजवादी अनुसूचित जाति के प्रदेश महासचिव शशिमा सिंह दोहरे मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च और ज्ञापन सौंपा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने नसिरापुर स्थित पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च निकाला। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

जूही सिंह ने बोला हमला
प्रदर्शन में शामिल जूही सिंह ने कहा कि महंगाई, आलू किसानों की बदहाली और खाद की कालाबाज़ारी को लेकर जनता बेहद आक्रोशित है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने समाजवादियों को आंदोलन से रोकने की कोशिश की, गाड़ियों को भी रोका गया, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता डरे बिना सड़कों पर उतरे।

किसानों को सही दाम की मांग
जिलाध्यक्ष कलीम खान और प्रदेश महासचिव शशिमा सिंह दोहरे ने मांग की कि सरकार तुरंत आलू का समर्थन मूल्य तय करे और खाद की कालाबाज़ारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पूर्व विधायकों और नेताओं का समर्थन
पूर्व विधायक अरविन्द सिंह यादव और कल्याण सिंह दोहरे, समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, तथा सपा नेता यश कुमार दोहरे ने कहा कि किसानों के हक में पार्टी हरसंभव प्रयास करेगी और सरकार को उनकी मांगें मानने के लिए मजबूर करेगी।

सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल हुए। इनमें बबली दोहरे, अजय कश्यप, रामसेवक राजपूत, अंशू पाल, कंचन कनौजिया, श्याम सिंह यादव, राजेश यादव, रजनीकांत यादव, राजेश पाल, भोले कुरैशी, विवेक पाल, अजय दोहरे, सुनील दिवाकर, सतेंद्र दोहरे, रचना सिंह, पल्लवी पाल, विजय कुमार यादव, शरद यादव, उमेश पाल, इन्द्रेश यादव, आनंद बाबू यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

इस मौके पर समाजवादियों ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button