पनकी में मिशन शक्ति 5.0 जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को दी गई सुरक्षा व आत्मनिर्भरता की जानकारी

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत 29 सितंबर 2025 को थाना पनकी क्षेत्र स्थित श्रीराम एजुकेशन सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम, थाना पनकी पुलिस स्टाफ और एंटी रोमियो टीम की ओर से संचालित किया गया।

इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा और नारी स्वावलंबन से जुड़ी जानकारियाँ दी गईं। पुलिस टीम ने हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 1098, 112, 181, 1930 आदि की विस्तृत जानकारी साझा की और बताया कि आपात स्थिति में इनका उपयोग कैसे किया जा सकता है। साथ ही उन्हें UPCOP ऐप से मिलने वाली जनसुविधाओं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए जागरूक रहने के उपाय भी बताए गए।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण अभियान और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।



