BundelkhandNEWS

बुंदेलखंड में पर्यटन उद्योग की असीम संभावनाएं: झांसी डीएम

  • अमन कुमार

झांसी। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने आज बरुआसागर किले का भ्रमण कराते हुए कहा कि पर्यटन उद्योग क्षेत्रीय आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन न केवल सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ाता है, बल्कि स्थानीय उद्योगों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहित करता है।

डीएम ने अटल पार्क से पर्यटन स्थलों के भ्रमण हेतु बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि पर्यटन उद्योग में छोटे-बड़े उद्योग शामिल हैं और यह किसी भी क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत स्कूली छात्राओं को बरुआसागर किले का भ्रमण कराया गया। छात्राओं को पर्यटन एम्बेसडर के रूप में भूमिका निभाने का अवसर दिया गया। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

बरुआसागर किले के प्राचार्य डॉ. विकास वर्मा ने छात्राओं को किले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व के बारे में जानकारी दी। लेखक अनिरुद्ध रावत ने भ्रमण का समन्वय करते हुए छात्राओं के लिए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया।

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने बुंदेलखंड के पर्यटन विकास और उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि नीतू सिंह ने सभी विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम में विशेष सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, वरिष्ठ मंडलीय परियोजना प्रबंधक आनंद चौवे, अध्यक्ष अनिरुद्ध रावत और ट्रैवल टूर एसोसिएशन के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button