भारतीय डाक विभाग ने शुरू की राष्ट्रीय स्तर की ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता

विषय – ‘एक पत्र अपने रोल मॉडल के नाम’, 8 दिसंबर 2025 तक भेज सकते हैं प्रविष्टियां
- संगीता सिंह
अहमदाबाद। भारतीय डाक विभाग ने लोगों में पत्र लेखन की परंपरा और अभिव्यक्ति की कला को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर की ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता शुरू की है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘एक पत्र अपने रोल मॉडल के नाम’ रखा गया है।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में किसी भी उम्र के लोग भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता को दो वर्गों में बाँटा गया है — 18 वर्ष तक और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग। प्रतिभागी अपने हाथ से लिखे पत्र को अंग्रेजी, हिंदी या स्थानीय भाषा में 500 या 1000 शब्दों में लिख सकते हैं। पत्र केवल डाक विभाग के अंतर्देशीय पत्र या लिफाफे में ही स्वीकार किए जाएंगे।

पत्र में प्रतिभागी का पूरा नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और विद्यालय का नाम शामिल होना चाहिए और इसे संबंधित परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल को 08 दिसंबर 2025 तक भेजना होगा।
पोस्टमास्टर जनरल यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कुल चार श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। राज्य स्तर पर चयनित श्रेष्ठ पत्रों को ₹25,000, ₹10,000 और ₹5,000, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर ₹50,000, ₹25,000 और ₹10,000 के पुरस्कार दिए जाएंगे। पूरे देश में विजेताओं को कुल ₹40 लाख 20 हजार रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि “वर्तमान डिजिटल युग में पत्र लेखन की आत्मीयता और संवेदनशीलता अब भी प्रासंगिक है। ‘ढाई आखर’ प्रतियोगिता युवाओं में रचनात्मकता, मौलिकता और आत्म-अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें डाक और फिलेटली की परंपरा से जोड़ने का प्रयास है।”
इस पहल के तहत डाक विभाग ने देशभर के स्कूलों और कॉलेजों से भी प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी अपने प्रधान डाकघर या मंडल अधीक्षक से संपर्क कर सकते हैं।



