लोक भवन, लखनऊ में ‘मिशन शक्ति 5.0’ का शुभारंभ


- अनुराधा सिंह
कानपुर नगर। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति-5.0’ का आज दिनांक 20.09.2025 को प्रदेश स्तर पर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मिशन शक्ति के तहत आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए
मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में पुलिस उपायुक्त पश्चिम, दिनेश त्रिपाठी ने थाना बिल्हौर में उपस्थित होकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया। इस दौरान मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों में संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत पश्चिम जोन के समस्त थाना प्रभारियों को महिला सुरक्षा और जागरूकता सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित निर्देश दिए:
- महिला हेल्प डेस्क की सुदृढ़ता और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
- एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता बढ़ाई जाए और नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए।
- स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए।
- महिलाओं और बालिकाओं को साइबर क्राइम से सुरक्षा हेतु जागरूक किया जाए।
- मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटकों और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्रीय पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों की सुरक्षा और समाज में महिला सशक्तिकरण को और अधिक मजबूत बनाना बताया गया।



