विकसित उत्तर प्रदेश 2047: CM योगी ने साझा किया विज़न, नागरिकों से की सहभागिता की अपील

- शालिनी शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘समर्थ उत्तर प्रदेश–2047 में विकसित उत्तर प्रदेश’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए सामूहिक संकल्प, सही दृष्टिकोण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यशाला में सीएम योगी ने ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने कहा, “भारत और उत्तर प्रदेश का भविष्य वही होगा, जो हम आज तय करेंगे। युवाओं को तैयार करना हमारी प्राथमिकता है, क्योंकि उनकी सोच ही आने वाली दिशा और दशा को निर्धारित करेगी।”

कार्यक्रम में नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने बताया कि यह अभियान तीन स्तंभों—अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति—पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की सहभागिता इस प्रयास को सफल बनाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त लोगों को भी इस पहल में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव से युवाओं को दिशा और प्रेरणा मिलेगी।



